
यूएनआई अमेरिकन ईगल्स ने प्रदान किया सम्मान; सांसद ने इसे बिहार, पूर्णिया और देश के गरीबों, युवाओं एवं माताओं-बहनों के प्रेम और विश्वास को किया समर्पित
पूर्णिया। पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव को समाज सेवा, जनकल्याण और मानवीय मूल्यों के प्रति उनके योगदान के लिए यूएनआई अमेरिकन ईगल्स की ओर से मानद डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएचडी) की उपाधि प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इस सम्मान की जानकारी सामने आने के बाद उनके समर्थकों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। जारी जानकारी में उन्हें यह सम्मान प्राप्त करने वाला भारत का पहला व्यक्ति भी बताया गया है।

बाढ़, सुखाड़, अपराध, प्राकृतिक आपदा और अन्य संकट की परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए सक्रिय रहने वाले पप्पू यादव ने इस सम्मान पर आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण और भावुक क्षणों में से एक है। उन्होंने कभी किसी पुरस्कार या सम्मान की अपेक्षा से काम नहीं किया। उनका जीवन सेवा, संघर्ष और मानवीय मूल्यों के प्रति समर्पित रहा है।
जनता का प्रेम ही मेरे लिए सबसे बड़ा पुरस्कार : पप्पू यादव
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि बिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, सिंहेश्वर और देश के उन तमाम गरीबों, युवाओं, माताओं-बहनों तथा आम लोगों का सम्मान है, जिनका प्रेम और विश्वास उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह और विश्वास ही उनके लिए सबसे बड़ा पुरस्कार है।
उन्होंने यूएनआई अमेरिकन ईगल्स के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसेवा का उनका संकल्प पहले भी था, आज भी है और जीवन की अंतिम सांस तक जारी रहेगा। उन्होंने इस सम्मान को उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया और जरूरतमंदों की सेवा के उनके प्रयासों को मजबूती प्रदान की।

समर्थकों ने जताई खुशी, दी बधाई
इस सम्मान को लेकर सांसद के समर्थकों और शुभचिंतकों ने खुशी जाहिर की है। समर्थकों ने उन्हें पूर्णिया का गौरव बताते हुए कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को इस सम्मान के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है। उनके समर्थकों की ओर से लगातार बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं।
सांसद पप्पू यादव ने अपने संदेश के माध्यम से दोहराया कि उनके लिए सम्मान से अधिक महत्वपूर्ण जरूरतमंद लोगों की सहायता करना और जनता के विश्वास पर खरा उतरना है।














