


भागलपुर : सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के शिवनंदनपुर गांव में अपराधियों द्वारा एक हत्या के आरोपी को घेरकर गोली मारने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को आनन-फानन में भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल (मायागंज) में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायल की पहचान शिवनंदनपुर निवासी मदन यादव के रूप में हुई है। अस्पताल में पुलिस को दिए बयान में मदन यादव ने बताया कि वर्ष 2013 में उसके पुत्र की हत्या हुई थी, जिसके मामले में उसने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया था। आरोप है कि उसी केस को वापस लेने के लिए विनोद यादव, पिंटू उर्फ बहरा यादव समेत अन्य लोग लगातार उसे धमकी दे रहे थे। केस नहीं उठाने पर आरोपियों ने उसे घेरकर गोली चला दी।
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही है। बताया जाता है कि वर्ष 2010 में जमीन विवाद को लेकर मदन यादव पर विनोद यादव के पिता राजेंद्र यादव की हत्या का आरोप लगा था। इसके बाद बदले की भावना में मदन यादव के पुत्र ब्रज बिहारी गौतम उर्फ बिट्टू यादव की हत्या कर दी गई थी। तभी से दोनों पक्षों के बीच तनाव और वर्चस्व की लड़ाई जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच विवाद फिर बढ़ गया था। इसी रंजिश में विनोद यादव, बहरा यादव, प्रदीप यादव, छोटू यादव, राजेश समेत अन्य लोगों द्वारा गोली मारने की घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है। गोली मदन यादव के दाहिने हाथ में लगी, जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि स्थिति गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से गोली का खोखा बरामद किया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला आपसी रंजिश और लंबे समय से चली आ रही दुश्मनी से जुड़ा प्रतीत होता है।
पुलिस द्वारा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर मामले का खुलासा किया जाएगा। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।












