


भागलपुर रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने दो महिला तस्करों को 6 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार दोनों महिलाएं नवगछिया अनुमंडल के छोटी परबत्ता, इस्माइलपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे इस गांजा की खेप को दिल्ली ले जाने की योजना बना रही थीं। पुलिस को संदेह है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।
रेल एसपी रामेश्वर प्रसाद चौधरी ने बताया कि पिछले 15 दिनों से आरपीएफ और जीआरपी के बीच बेहतर समन्वय के कारण अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी पुलिस ने हथियारों की बड़ी खेप बरामद की थी तथा सुल्तानगंज में एक चेन स्नैचर को गिरफ्तार किया गया था।
रेल एसपी ने कहा कि आपसी तालमेल से बेहतर परिणाम मिलते हैं और पुलिस तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि इन महिलाओं के पीछे कौन-सा गिरोह सक्रिय है और क्या वे पहले भी तस्करी में शामिल रही हैं या केवल कैरियर के रूप में कार्य कर रही थीं।
इस कार्रवाई को रेलवे परिसर में अपराध नियंत्रण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।















