0
(0)

भागलपुर में एक 17 वर्षीय नीट छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर (झौआ कोठी) स्थित विंध्यवासिनी लॉज की है, जहां छात्रा ने दुपट्टे के सहारे जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतका की पहचान अररिया निवासी सृष्टि सिंह के रूप में हुई है।

शिफ्ट के कुछ ही घंटों बाद हुआ हादसा :

जानकारी के अनुसार, सृष्टि सिंह रविवार की दोपहर करीब 4 बजे ही नए हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी। इससे पहले वह एसएम कॉलेज रोड स्थित एक अन्य हॉस्टल में रहती थी, जहां मरम्मत कार्य के कारण छात्रों को कमरा खाली करने को कहा गया था। परिवार के साथ नए हॉस्टल में शिफ्ट होने के बाद देर शाम उसके माता-पिता वापस घर लौट गए थे।

इसी बीच देर रात बगल के कमरे में रहने वाली छात्रा ने जब दरवाजा खटखटाया और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो उसने शोर मचाया। अन्य छात्रों और मकान मालिक को बुलाया गया तथा मृतका के मौसेरे भाई अंकुश को सूचना दी गई। दरवाजा तोड़कर देखा गया तो छात्रा मिली। पुलिस को सूचना देकर शव को नीचे उतारा गया।

व्हाट्सएप चैट बनी जांच का अहम सुराग

मामले की जांच के दौरान सामने आया है कि मौत से पहले छात्रा ने व्हाट्सएप पर किसी से वीडियो, ऑडियो और चैट की थी। पुलिस ने छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए।

मौसेरे भाई अंकुश के अनुसार, हॉस्टल संचालक का फोन आने पर वे मौके पर पहुंचे और उनके सामने ही दरवाजा तोड़ा गया, जहां सृष्टि फंदे से लटकी मिली। उन्होंने बताया कि छात्रा के पिता अररिया में बिजली की दुकान चलाते हैं। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी मिला है, जिसमें छात्रा कुछ असहज नजर आ रही है।

पुलिस जांच में जुटी
हॉस्टल संचालक जवाहरलाल ने बताया कि छात्रा उसी दिन हॉस्टल में शिफ्ट हुई थी और उसके साथ उसके माता-पिता व परिजन भी आए थे। घटना के बाद पुलिस को तुरंत सूचना दी गई।

बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कमल ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह खुद से जान देने का मामला प्रतीत होता है। छात्रा का मोबाइल जब्त कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इस घटना ने शहर में छात्रावासों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: