0
(0)

नवगछिया थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में नाट्य कलाकार की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के मालपुर निवासी 45 वर्षीय कौशल किशोर दास के रूप में हुई है। वे स्वर्गीय गुलो दास के पुत्र थे और स्थानीय स्तर पर एक सक्रिय नाट्य कलाकार के रूप में जाने जाते थे।

परिजनों के अनुसार, कौशल किशोर दास भागलपुर में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेकर देर रात घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में वे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस और राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद नवगछिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की पहचान में जुट गई है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

इस हादसे के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी पिंकी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 4 बजे जब उन्होंने अपने पति के मोबाइल पर कॉल किया, तो फोन पुलिसकर्मी ने उठाया और अस्पताल आने को कहा। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें पति की मौत की सूचना मिली।

मृतक अपने पीछे पत्नी समेत तीन बेटियां और दो बेटे छोड़ गए हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी अब पत्नी के कंधों पर आ गई है। पिंकी देवी ने बताया कि बेटियों की शादी अभी नहीं हुई है और इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।

घटना के बाद मालपुर समेत आसपास के इलाकों में शोक की लहर है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: