


नवगछिया ।
साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में नवगछिया के भवानी इलेक्ट्रॉनिक के संचालक मोहित कुमार के बैंक खाते से 23 संदिग्ध लेनदेन होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में मोहित कुमार के विरुद्ध साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
मामले की जानकारी देते हुए साइबर उपाधीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार वर्मा के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के दौरान यह पाया गया कि साइबर अपराध में संलिप्त कुछ बैंक खातों का भौतिक सत्यापन किया जा रहा था, इसी क्रम में मोहित कुमार के बंधन बैंक खाते पर 23 शिकायतें दर्ज मिलीं।
जांच में यह भी सामने आया कि उक्त खाते के माध्यम से विभिन्न राज्यों के पीड़ितों से ठगी कर रकम जमा और निकासी की गई है। इस खाते से संबंधित शिकायतें केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों से प्राप्त हुई हैं, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
पुलिस द्वारा जब बंधन बैंक के खातों की जांच की गई, तो संबंधित खाता तेतरी निवासी मोहित कुमार के नाम से पाया गया। इसके बाद पुलिस टीम तेतरी गांव पहुंची, लेकिन मोहित कुमार अपने घर पर मौजूद नहीं मिले।
इस दौरान उनके परिजनों को मामले की पूरी जानकारी देते हुए मोहित कुमार को दो दिनों के भीतर साइबर थाना में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया था। बावजूद इसके न तो वह थाना में उपस्थित हुए और न ही कोई सूचना दी।
उपरोक्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मोहित कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।













