
12 जिलों के करीब 150 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा, विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल में 3 नवंबर तक होंगे मुकाबले
पूर्णिया। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और बिहार में टेबल टेनिस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को रमेश चंद्र मिश्रा मेमोरियल तृतीय बिहार राज्य टेबल टेनिस रैंकिंग टूर्नामेंट 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। परोरा स्थित विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल परिसर में आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में बिहार के 12 जिलों के लगभग 150 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता 31 अक्टूबर से 3 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।

दीप प्रज्वलित कर किया गया उद्घाटन
उद्घाटन समारोह में डीएसपी मुख्यालय सौरभ जायसवाल, डीएसपी स्पेशल क्राइम ब्रांच शिवानी श्रेष्ठा और जिला खेल पदाधिकारी रविशंकर झा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अभिनेत्री शबाना आजमी ने भी समारोह में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
इस अवसर पर विद्या विहार समूह के अध्यक्ष एवं समूह प्रमुख इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा, ट्रस्टी पल्लवी मिश्रा और कात्यायनी मिश्रा तथा विद्यालय के प्राचार्य निखिल रंजन मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित करने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन सी.के. झा ने किया। उन्होंने अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला।

12 जिलों के खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
प्रतियोगिता में पटना, गया, पूर्णिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, मधुबनी, पश्चिम चंपारण, अररिया, कटिहार, समस्तीपुर, मधेपुरा और सहरसा के लगभग 150 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। राज्य स्तरीय रैंकिंग प्रतियोगिता होने के कारण खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं।
अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि इससे अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना भी विकसित होती है। इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
खेल संघ की टीम संभाल रही आयोजन की जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के आयोजन में पूर्णिया जिला टेबल टेनिस संघ की महत्वपूर्ण भूमिका है। संघ के अध्यक्ष तुहिन घोषाल, संरक्षक डॉ. राजन आनंद, सचिव इंजीनियर अक्षय सिंह, उपाध्यक्ष आलोक, प्रतियोगिता निदेशक स्वरूप कुमार दास, मुख्य निर्णायक अतनु चटर्जी, सहायक मुख्य निर्णायक प्रदीप कुमार मिश्रा तथा कटिहार टेबल टेनिस संघ के सचिव बब्बन झा समारोह में उपस्थित रहे। डीएवी पूर्णिया के प्राचार्य अश्विनी कुमार सिंह भी मौजूद थे।
प्रतियोगिता निदेशक स्वरूप कुमार दास के नेतृत्व में आयोजन की व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मुख्य निर्णायक अतनु चटर्जी और उनकी तकनीकी टीम खेल नियमों के अनुसार मुकाबलों का संचालन कर रही है।
खिलाड़ियों के लिए की गई विशेष व्यवस्था
विद्या विहार समूह के अध्यक्ष इंजीनियर राजेश चंद्र मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता की तैयारियां की गई हैं। बाहर से आए खिलाड़ियों और निर्णायकों के ठहरने, भोजन, परिवहन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
विद्या विहार रेजिडेंशियल स्कूल के मीडिया एवं संचार प्रमुख आशीष झा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में काफी उत्साह है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पूर्णिया को खेल के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों को राज्य के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के साथ मुकाबला करने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि चार दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता बिहार में टेबल टेनिस के विकास, खेल संस्कृति को मजबूत करने और उभरती प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।















