


नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र के कालिंदी नगर जाने वाली सड़क पर डुमरिया पुलिया के समीप बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान रंगरा थाना क्षेत्र निवासी जितेंद्र मंडल (30 वर्ष), पिता सुरेंद्र मंडल के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जितेंद्र मंडल ट्रैक्टर लेकर कहीं जा रहा था। इसी दौरान डुमरिया पुलिया के पास अचानक ट्रैक्टर की ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
ट्रॉली पलटते ही जितेंद्र मंडल उसके नीचे दब गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उसे ट्रॉली के नीचे से बाहर निकाला।
घायल अवस्था में उसे तत्काल रंगरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी कंचन देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना स्थल पर मौजूद लोगों की आंखें भी इस दर्दनाक दृश्य को देखकर नम हो गईं। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।
सूचना मिलते ही गोपालपुर थाना और रंगरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।













