


नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र के खैरपुर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेत में पानी पटाने गए एक वृद्ध की सांप के काटने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मृतक की पहचान खैरपुर निवासी वकील मंडल (पुत्र स्व. मकेश्वर मंडल) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वकील मंडल रोज की तरह खेत में पानी पटाने गए थे। इसी दौरान खेत में मौजूद किसी विषैले सांप ने उन्हें काट लिया।
शुरुआत में उन्हें हल्की तकलीफ महसूस हुई, लेकिन कुछ ही देर में उनकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी। स्थिति गंभीर होते देख परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने किया आवश्यक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही खरीक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस घटना के बाद पूरे खैरपुर गांव में मातम छा गया है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस अचानक हुई घटना से स्तब्ध हैं।













