5
(1)

नवगछिया। कटिहार जिले के पोठिया थाना क्षेत्र के समेली गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में पति ने अपनी पत्नी और सास के साथ बेरहमी से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इतना ही नहीं, आरोप है कि आरोपी पति ने पत्नी पर एसिड फेंकने का भी प्रयास किया, हालांकि वह इसमें सफल नहीं हो सका।

घायल महिला की पहचान समेली गांव निवासी शिवानी देवी, पत्नी धनीमन साह के रूप में हुई है। पीड़िता के अनुसार उसका पति पहले से ही उसे प्रताड़ित करता था और इसको लेकर कई बार पंचायत भी हो चुकी थी।

नशे में की मारपीट, मचाया उत्पात
शिवानी देवी ने बताया कि वह अपनी मां के साथ ससुराल गई थी। इसी दौरान उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अचानक मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उसने पत्नी और सास दोनों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।

एसिड फेंकने का भी प्रयास
पीड़िता ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उस पर एसिड फेंकने की कोशिश भी की, जिससे घटना और भी भयावह हो गई। हालांकि समय रहते स्थिति संभल गई और बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस को दी गई सूचना
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायल महिला को उसके मायके भेज दिया गया।

बताया जा रहा है कि पीड़िता का मायका नवगछिया के परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया गांव में है।
इधर, परिजनों द्वारा घायल महिला और उसकी मां को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: