0
(0)

नवगछिया पुलिस जिला अंतर्गत गोपालपुर थाना क्षेत्र के मालपुर गांव की एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने उनके बैंक खाते से करीब 53 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली। मामले को लेकर पीड़िता ने नवगछिया साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालपुर निवासी टुनटुन प्रसाद सिंह की पत्नी माधुरी देवी का खाता दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की गोसाईंगांव शाखा में है। पीड़िता द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि उनके खाते से अलग-अलग तिथियों में कुल 53 हजार रुपये की निकासी कर ली गई, जबकि उन्होंने स्वयं इतनी राशि नहीं निकाली है।

माधुरी देवी ने आरोप लगाया है कि बड़ी मकंदपुर स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक, मो. नवाब कैफै द्वारा इस अवैध निकासी को अंजाम दिया गया है। उनके अनुसार, वह एक दिन उक्त केंद्र पर बैंक संबंधित कार्य के लिए गई थीं, जहां संचालक ने उनसे अंगूठा लगवाया। उस समय सर्वर नहीं होने की बात कहकर उन्हें वापस भेज दिया गया। इसके बाद से ही उनके खाते से लगातार पैसे की निकासी होने लगी।

पीड़िता ने बताया कि वह अत्यंत गरीब एवं असहाय महिला हैं और यह राशि उनके लिए काफी महत्वपूर्ण थी। अचानक हुई इस अवैध निकासी से उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है।

इधर, नवगछिया साइबर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की आवश्यकता को दर्शाती है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपने बैंकिंग विवरण और बायोमेट्रिक जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध केंद्र पर साझा करने से बचें।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: