


भागलपुर।भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान बुल्लू यादव के 28 वर्षीय पुत्र बिट्टू कुमार के रूप में की गई है।
परिजनों के अनुसार, बिट्टू कुमार रात में भोजन करने के बाद छत पर सोने की बात कहकर गए थे। कुछ देर बाद जब वह वापस नहीं लौटे तो पत्नी ने खोजबीन शुरू की। घर के अंदर उन्हें अचेत अवस्था में पाया गया, जिसके बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक पर कर्ज का दबाव था तथा उसने लोन पर एक टोटो वाहन लिया था, जिसकी किस्तें चल रही थीं। आर्थिक परेशानियों के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में रहता था और कम बातचीत करता था।
पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
स्थानीय लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से जरूरतमंद परिवारों के लिए आर्थिक एवं परामर्श सहायता की व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।













