


भागलपुर। भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जेएलएनएमसीएच) में इलाज के दौरान अवैध रूप से पैसे मांगने का मामला सामने आया है। नाथनगर विधानसभा क्षेत्र के बैजलपुर पंचायत अंतर्गत कुरपट गांव निवासी माला देवी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन कराने के नाम पर उनसे 40 हजार रुपये की मांग की गई।
मामले की जानकारी मिलने के बाद नाथनगर विधानसभा से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के पूर्व प्रत्याशी जेड हसन अस्पताल पहुंचे और मरीज व उनके परिजनों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन से भी बातचीत कर स्थिति से अवगत कराया।
जेड हसन ने बताया कि उन्होंने हड्डी रोग विभाग के विभागाध्यक्ष से फोन पर बात कर मरीज को उनके यूनिट में भर्ती कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मरीज को दूसरे यूनिट में स्थानांतरित कर बेड की व्यवस्था कराई गई।
उन्होंने अस्पताल अधीक्षक से बातचीत कर कथित रूप से पैसे मांगने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में इलाज के नाम पर पैसे मांगना बेहद गंभीर मामला है और ऐसे मामलों में दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।
राजद नेता ने प्रशासन से मरीज को समुचित एवं निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराने की भी मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल मामले को लेकर अस्पताल प्रशासन की ओर से जांच की प्रक्रिया शुरू किए जाने की बात कही जा रही है।













