


नवगछिया । बिहपुर पूरब पंचायत के मिल्की वार्ड संख्या-7 में मंगलवार को भाजपा विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के सचेतक इं शैलेंद्र ने मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत विधायक निधि से निर्मित पीसीसी सड़क का उद्घाटन किया।
यह पक्की सड़क लक्ष्मी सिंह के घर से मणिकांत राय के घर तक बनी है। उद्घाटन समारोह में विधायक ने कहा कि इससे इस टोला और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।
भाजपा पंचायत अध्यक्ष एवं वार्ड सदस्य संतोष कुमार राय ने बताया कि पहले इस टोले में बड़े गड्ढे और जलजमाव के कारण लोगों को काफी परेशानी होती थी। यहां तक कि शव निकालने में भी समस्याएं आती थीं। विधायक इं शैलेंद्र की पहल से बनी इस पक्की सड़क से सभी समस्याओं का समाधान हो गया है।
इस अवसर पर प्रो गौतम, प्रभु चौधरी, रूपेश रूप, अजय उर्फ माटो, सिंटू मोदी, विनोद भट, रमेश कुमार राय, अभयचंद्र राय, पंकज मंडल और सुभाष चंद्र राय सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।














