


नवगछिया के एसपी राजेश कुमार ने रविवार को ढोलबज्जा थाना का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना में पदस्थापित सभी पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति एवं उनके कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।
इसके बाद एसपी ने थाना में लंबित कांडों की समीक्षा की। थाना अध्यक्ष निशांत कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल थाना में कुल सात मामले लंबित हैं, जिनके निष्पादन की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि थाना में वर्तमान में कुल पांच पुलिस पदाधिकारी कार्यरत हैं।
निरीक्षण के क्रम में एसपी ने पुलिसकर्मियों के रहने की व्यवस्था के बारे में भी जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में बन रहे निर्माणाधीन भवन का जायजा लेते हुए कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान एसपी ने रंगदारी से जुड़े एक मामले की भी विस्तार से समीक्षा की। थाना अध्यक्ष ने बताया कि उक्त मामले में अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
थाना में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए एसपी को बताया गया कि एक सरकारी वाहन सुचारु रूप से संचालित हो रहा है, जबकि दूसरे वाहन की मांग की गई है। निरीक्षण के अंत में एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि परिसर पूरी तरह स्वच्छ एवं व्यवस्थित है तथा इसी तरह कार्यशैली बनाए रखने के निर्देश दिए।
















