


नवगछिया के खरीक थाना क्षेत्र में पारिवारिक कलह से तंग आकर एक प्राइवेट स्कूल के वाहन चालक ने जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। मृतक की पहचान खरीक बाजार निवासी 48 वर्षीय डब्लू चौधरी, पिता स्व. जागेश्वर चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक स्कूल कैंपस के बरामदे पर बने एक कमरे में रह रहा था, जहां उसका शव पाया गया। रविवार सुबह स्कूल प्रबंधन को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद खरीक पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
बताया जाता है कि डब्लू चौधरी प्राइवेट स्कूल में वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी पत्नी प्रीतम देवी बच्चों के साथ खगड़िया स्थित मायके में रहती है। घटना की सूचना मिलने पर वह बच्चों के साथ अस्पताल पहुंची, जहां पति के शव से लिपटकर रोने लगी।
खरीक थानाध्यक्ष पुनि नरेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक कलह से जुड़ा प्रतीत होता है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक की पत्नी के बयान पर खरीक थाना में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
















