


नवगछिया के इस्माइलपुर के बिंद टोली तटबंध पर चल रहे कटाव रोधी कार्य में अनियमितताओं को लेकर जिला परिषद अध्यक्ष विपिन कुमार मंडल ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने 9 नंबर स्पर पर चल रहे बोल्डर क्रेटिंग एवं शीट पाइलिंग कार्य का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया, जहां कई गंभीर खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी कार्य की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं। जिप अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्य में गड़बड़ी की जा रही है और विभागीय मानकों का पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार शीट पाइलिंग से पहले लोहे पर रबर पेंट किया जाना अनिवार्य है, ताकि जंग से बचाव हो सके, लेकिन मौके पर जंग लगा लोहा ही इस्तेमाल किया जा रहा है, जो गंभीर लापरवाही का संकेत है।
विपिन कुमार मंडल ने मौके पर मौजूद अभियंताओं को फटकार लगाते हुए तत्काल कार्य में सुधार लाने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि गुणवत्ता से समझौता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अभियंता, स्थानीय मुखिया नगीना पासवान सहित ग्रामीण जितेंद्र कुमार मंडल, अशोक कुमार मंडल, राम मूर्ति, चानो मंडल समेत कई लोग मौजूद थे।
















