


नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानीपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान भवानीपुर निवासी संजय यादव की पुत्री मीना कुमारी के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घर में बनी लगभग पांच फीट ऊंची पुरानी दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। उस समय घर के पास खेल रहे चार बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में बच्ची को नवगछिया अनुमंडल अस्पताल ले गए। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने मीना कुमारी को मृत घोषित कर दिया ।
परिजनों के अनुसार सभी बच्चे घर के पास खेल रहे थे, तभी अचानक दीवार गिरने से यह हादसा हुआ। मृतक बच्ची चार बहनों और एक भाई में शामिल थी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। वही अनुमंडलीय अस्पताल में परिजन नें पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया एवं शव को लेकर घर चले गए ।
















