


नवगछिया एसपी कार्यालय के महज 300 मीटर दूर हाई वे पर घटी घटना
पत्नी नें अस्पताल पहुँच कर किया शव का शिनाख्त
विवाद या अवैध – संबंध हर पहलू पर पुलिस कर रही जाँच
नवगछिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-31 के किनारे मंगलवार को खून से लथपथ एक युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल का दृश्य इतना भयावह था कि एनएच से लेकर समीप स्थित केला खेत तक खून बिखरा पड़ा मिला, जिससे प्रथम दृष्टया से ही यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा था ।
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी सपहा निवासी 35 वर्षीय कैलाश सिंह पिता राधे सिंह के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार कैलाश पिछले करीब 12 वर्षों से नवगछिया पुलिस जिला के रंगरा थाना क्षेत्र के साधोपुर स्थित अपने ससुराल में रहकर मजदूरी करता था और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक के ससुर साधोपुर निवासी गंगा सिंह हैं ।
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात करीब 11 बजे कैलाश थोड़ी देर में वापस आने की बात कहकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका शव एनएच-31 किनारे मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर नवगछिया थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल नवगछिया भेज दिया।
मृतक के शव की शिनाख्त उसकी पत्नी पूजा देवी सहित परिजनों ने अनुमंडलीय अस्पताल में की ।
घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले मृतक के साथ जमकर हाथापाई हुई होगी, जिसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
इधर, शव के अस्पताल पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, पांच बेटियां और एक बेटे को छोड़ गया है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष पुनि रविशंकर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है और मामला प्रथम दृष्टया हत्या का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जिसे अंतिम संस्कार के लिए पूर्णिया ले जाया गया है। परिजनों द्वारा आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और जल्द ही घटना का उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
















