


नवगछिया पुलिस जिले के बिहपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना उस समय हुई जब बुजुर्ग अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे उनके सीने में लगी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय घर के अन्य सदस्य भी सो रहे थे। गोली की आवाज सुनकर उनका बेटा मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और थोड़ी ही देर में आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मृतक की पहचान बिहपुर थाना क्षेत्र के लत्तीपुर दक्षिणी पंचायत, वार्ड संख्या-1 निवासी 57 वर्षीय प्रकाश मंडल के रूप में हुई है। वे मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
सूचना मिलते ही बिहपुर थाना अध्यक्ष संतोष शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र किए।
हत्या के पीछे के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि घटना के पीछे पड़ोस के कुछ लोगों की साजिश हो सकती है, लेकिन परिजनों की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष संतोष शर्मा ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
















