


नवगछिया। आगामी 9 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर नवगछिया व्यवहार न्यायालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम अफजल आलम ने की।
बैठक में सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में राष्ट्रीय लोक अदालत का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक लोग इस वैकल्पिक न्याय प्रणाली का लाभ उठा सकें।
अफजल आलम ने कहा कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का त्वरित और सुलभ समाधान संभव है, जिससे न्याय प्रक्रिया सरल और प्रभावी बनती है। उन्होंने लोक अदालत से संबंधित जारी नोटिसों की तामिला (सेवा) का प्रतिवेदन शीघ्र जमा करने का निर्देश भी दिया, ताकि लंबित मामलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में न्यायालय के अन्य पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी भी उपस्थित रहे।
















