


नवगछिया। एनएच-31 स्थित प्रेसिडेंसी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होने वाले “क्रिएटिव टैलेंट हंट 2026” को लेकर छात्र-छात्राओं में उत्साह चरम पर है। प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अब तक 250 से अधिक प्रतिभागी अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।
कार्यक्रम के समन्वयक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि जो छात्र-छात्राएं अभी तक पंजीकरण नहीं करा पाए हैं, वे जल्द से जल्द आवेदन कर लें, क्योंकि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है।
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता की लिखित परीक्षा 01 मई 2026 को विद्यालय परिसर में ही आयोजित की जाएगी। परीक्षा ओएमआर शीट पर होगी और इसके लिए एडमिट कार्ड परीक्षा से पूर्व प्रतिभागियों को वितरित किए जाएंगे।
प्रतियोगिता को पांच श्रेणियों—किड्स, प्री-जूनियर, जूनियर, सीनियर और सीनियर सेकेंडरी—में विभाजित किया गया है, जिसमें केजी से लेकर कक्षा 9 एवं उससे ऊपर तक के छात्र-छात्राएं भाग ले सकते हैं। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए 200 रुपये का पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है।
लिखित परीक्षा में कुल 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए 50 मिनट का समय दिया जाएगा। प्रश्नों का माध्यम अंग्रेजी रहेगा तथा परीक्षा में काले या नीले बॉल पेन का उपयोग अनिवार्य होगा।
परीक्षा परिणाम जीएस न्यूज अखबार एवं उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर विद्यालय प्रबंधन एवं आयोजन समिति पूरी तरह से तैयारियों में जुटी हुई है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी विद्यालय कार्यालय या जारी मोबाइल नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं।
















