5
(1)



किशनगंज जिले में खगड़ा स्थित हवाई अड्डे के विकास को लेकर प्रक्रिया तेज हो गई है। राज्य सरकार की पहल पर जिला प्रशासन ने रनवे विस्तार और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने के लिए प्रस्ताव भेज दिया है, साथ ही जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।


वर्तमान में एयरपोर्ट का रनवे लगभग 900 मीटर लंबा है, जो बड़े विमानों के संचालन के लिए पर्याप्त नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए रनवे को बढ़ाकर करीब 2 से 2.5 किलोमीटर तक करने की योजना बनाई गई है, ताकि मध्यम आकार के विमान आसानी से उतर सकें और यहां से नियमित उड़ान सेवाएं शुरू हो सकें।

हालांकि, एयरपोर्ट के दोनों ओर पश्चिम बंगाल की सीमा नजदीक होने के कारण विस्तार कार्य सीमित दायरे में ही संभव है। इसके बावजूद प्रशासन ने उपलब्ध भूमि के भीतर ही विस्तार की रूपरेखा तैयार कर ली है।

रनवे विस्तार के साथ-साथ आधुनिक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर के निर्माण का भी प्रस्ताव है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा ढांचे के विकास की भी योजना है।


फिलहाल इस हवाई अड्डे का उपयोग केवल वीआईपी आवाजाही तक सीमित है, लेकिन प्रस्ताव को मंजूरी मिलने और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आम लोगों के लिए भी यहां से उड़ान सेवाएं शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

रनवे विस्तार के लिए आसपास की जमीन का अधिग्रहण प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही चारदीवारी के निर्माण एवं मरम्मत की योजना भी तैयार की गई है। भवन निर्माण विभाग के माध्यम से मरम्मत कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है, जबकि टर्मिनल भवन के विकास को लेकर भी प्रारंभिक तैयारियां चल रही हैं।

गौरतलब है कि हाल के दिनों में राज्य सरकार द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिसके तहत इस परियोजना को अहम माना जा रहा है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: