


पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक हादसे में शादी के महज 14 दिन बाद एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कोयली सिमड़ा पंचायत के डुमरी गांव निवासी अमरजीत कुमार के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घर में बिजली आपूर्ति बाधित थी। इसी दौरान अमरजीत कुमार नीचे कमरे में अकेले बिजली लाइन ठीक करने गए थे। काम के दौरान अचानक उन्हें करंट लग गया, जिससे वे जोरदार झटके के साथ जमीन पर गिर पड़े। उस समय उनकी पत्नी काजल कुमारी और मां कल्पना देवी छत पर सो रही थीं। गिरने की आवाज सुनकर उन्हें लगा कि कोई सामान गिरा होगा।
कुछ देर बाद जब बिजली आई, तो पत्नी काजल नीचे उतरीं और कमरे में अमरजीत को जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा देखा। आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। नवविवाहिता पत्नी काजल कुमारी अपने पति के शव से लिपटकर बिलखती रही, जिसे देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।
मृतक के पिता इंदल सिंह ने बताया कि अमरजीत की शादी 14 अप्रैल को गांव की ही काजल कुमारी के साथ बाबा विशुराउत मंदिर में हुई थी। शादी के बाद घर में खुशियों का माहौल था और दोनों ने नए जीवन की शुरुआत की थी, लेकिन इस हादसे ने परिवार की सारी खुशियां छीन लीं।
घटना की सूचना मिलते ही रुपौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
















