


नवगछिया : मकंदपुर चौक पर शनिवार को भीषण जाम लगने से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जाम में बस, ट्रक, जीप, कार सहित कई बारात की गाड़ियां भी घंटों फंसी रहीं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक वाहनों का दबाव बढ़ने और यातायात व्यवस्था सही नहीं रहने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। जाम इतना गंभीर था कि राहगीरों के लिए पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया। खासकर बरात में जा रहे लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा, जिससे उन्हें समारोह स्थल तक पहुंचने में देरी हुई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकंदपुर चौक पर अक्सर इस तरह की समस्या बनी रहती है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जाता। जाम के दौरान कई बार वाहन चालकों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद वाहनों को धीरे-धीरे निकाल कर यातायात को सामान्य कराया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद जाम समाप्त हो सका।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस व्यस्त चौक पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।















