


नवगछिया : परम पूज्य गुरुदेव स्वामी आगमानंद जी महाराज के आशीर्वाद से संचालित ‘सेवा श्री नवगछिया’ द्वारा प्रत्येक शनिवार को समाज सेवा का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 02 मई 2026 को नवगछिया बस स्टैंड परिसर में महाप्रसाद वितरण समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत भगवान श्री हनुमान जी को भोग अर्पित करने के बाद महाप्रसाद के रूप में चावल, राजमा एवं आलू की सब्जी का वितरण किया गया। इस अवसर पर करीब हजारों लोगों के बीच महाप्रसाद बांटा गया। साथ ही श्रद्धालुओं एवं जरूरतमंदों के लिए पीने के पानी की भी समुचित व्यवस्था की गई।
‘सेवा श्री नवगछिया’ के सदस्यों ने बताया कि यह कार्यक्रम पिछले कई महीनों से निरंतर चल रहा है और प्रत्येक शनिवार को शाम 7 बजे से महाप्रसाद वितरण शुरू हो जाता है। खास बात यह है कि संस्था के सदस्य स्वयं अपने स्तर से महाप्रसाद तैयार करते हैं और सेवा भाव से लोगों के बीच वितरित करते हैं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सेवा श्री नवगछिया के सदस्यों के अलावा स्थानीय समाजसेवियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहता है। शनिवार के इस आयोजन में व्यवसायी कन्हैया भगत, सेवानिवृत्त भारतीय सैनिक संजय शर्मा सहित अन्य सामाजिक लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और सेवा कार्य में सहयोग किया।
इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में काफी सराहना देखने को मिल रही है। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंदों की सेवा करना और समाज में सहयोग एवं सद्भाव का संदेश फैलाना है।















