


नवगछिया पुलिस जिला के खरीक थाना क्षेत्र अंतर्गत कठेला मोदी टोला निवासी कन्हैया मोदी (26 वर्ष) की हत्या के बाद आज़ाद हिंद मोर्चा के अध्यक्ष भाई राजेन्द्र यादव सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव संघर्ष करने का आश्वासन दिया।
राजेन्द्र यादव ने बताया कि कन्हैया मोदी अपनी भांजी की शादी में शामिल होने बेगूसराय गए हुए थे। वहां से लौटने के बाद 9 मई की रात करीब 9:30 बजे भोजन करने के बाद घर के सामने सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान कुछ अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और रंगदारी की मांग करने लगे।

उन्होंने कहा कि कन्हैया मोदी ने अपराधियों से कहा था कि उनके पास केवल 200 रुपये और मोबाइल फोन है, जिसे वे ले सकते हैं। आरोप है कि इसके बाद अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने से कन्हैया मोदी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद परिजनों एवं स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए पहले स्थानीय अस्पताल और फिर पटना ले जाया गया, जहां ऑपरेशन के दौरान उनकी मौत हो गई।

पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान आज़ाद हिंद मोर्चा अध्यक्ष भाई राजेन्द्र यादव ने राज्य सरकार से मृतक के परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कन्हैया मोदी परिवार का सहारा थे और उनकी हत्या से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं करती है तो संगठन सड़क पर उतरकर जनआंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
















