


गोसाईगांव मोड़ के पास चारपहिया वाहन ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, परिवार में मचा कोहराम
नवगछिया थाना क्षेत्र के गोसाईगांव मोड़ के पास सोमवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बारात जा रहे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गयी, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गयी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की गयी।
मृतक की पहचान घोघा थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फुलकिया निवासी बोधनारायण मंडल उर्फ बोधी मंडल के पुत्र मुन्ना कुमार के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल युवकों की पहचान गांव के ही पवन कुमार और मिट्टु कुमार के रूप में की गयी है। दोनों की हालत गंभीर बतायी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर घोघा से गोपालपुर की ओर बारात में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान नवगछिया थाना क्षेत्र के गोसाईगांव मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गयी।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को उठाकर अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मुन्ना कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं पवन कुमार और मिट्टु कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल व्याप्त है। बताया जा रहा है कि मुन्ना कुमार काफी मिलनसार स्वभाव का युवक था और बारात में शामिल होने को लेकर काफी उत्साहित था, लेकिन रास्ते में ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर यातायात थाना नवगछिया के थानाध्यक्ष सुजीत वारसी अस्पताल पहुंचे और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करायी। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दुर्घटना में शामिल चारपहिया वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी को लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने गोसाईगांव मोड़ के पास लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से वहां यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने और सुरक्षा के इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।
















