


नवगछिया : बिहार सरकार के नवनियुक्त पथ निर्माण मंत्री इं. शैलेंद्र ने सोमवार को पटना स्थित मंत्रालय में विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने से पूर्व उन्होंने कार्यालय कक्ष में पूजा-अर्चना कर कार्यारंभ किया।
पदभार ग्रहण के बाद एनडीए नेताओं एवं समर्थकों ने उन्हें बधाई दी। इस मौके पर प्रो. गौतम, प्रभुनंदन चौधरी, उत्तम कुमार, दिनेश यादव, अजय उर्फ माटो, ब्रजेश चौधरी, बाल्मिकी मंडल, दिलीप सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा के नवगछिया पुलिस जिला उपाध्यक्ष प्रो. गौतम ने बताया कि मंत्री बनने के बाद इं. शैलेंद्र 15 मई को पहली बार अपने विधानसभा क्षेत्र बिहपुर पहुंचेंगे। सतीशनगर एनएच-31 पर विधानसभा क्षेत्र की सीमा में प्रवेश करते ही उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ बिहपुर एनडीए कार्यालय पहुंचेंगे।
वहीं, पदभार ग्रहण के तुरंत बाद मंत्री इं. शैलेंद्र ने विभागीय प्रधान सचिव पंकज कुमार पाल समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर राज्य में चल रही सड़क एवं आधारभूत संरचना परियोजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं कार्यों की स्थिति की जानकारी ली गई।















