


भागलपुर। जिले के प्रसिद्ध अजगैविनाथ धाम स्थित नमामि गंगे घाट पर गंगा स्नान के दौरान दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। घटना रविवार शाम करीब चार बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई तथा परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन एवं SDRF की टीम मौके पर पहुंची और देर रात तक दोनों युवकों की तलाश में अभियान चलाया गया। हालांकि अंधेरा एवं गंगा की तेज धारा के कारण तत्काल सफलता नहीं मिल सकी।

सोमवार अल सुबह नगर परिषद सुल्तानगंज के नाविक शंकर महलदार द्वारा गंगा घाट में खोजबीन के दौरान दोनों युवकों के शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान ताखीचक निवासी 22 वर्षीय विकास कुमार साह, पिता रवि कुमार शाह तथा कलबगंज निवासी 21 वर्षीय पीयूष कुमार वर्मा, पिता विकास कुमार वर्मा के रूप में हुई है।
घटना की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया। घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।















