


चालक पर मोबाइल में रील देखने का आरोप, दो की हालत गंभीर
नवगछिया : नवगछिया के तेतरी जीरो माइल के समीप सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरा एक सीएनजी टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में टेंपो पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और घायलों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से एक घायल को बेहतर इलाज के लिए दो घायलों को पूर्णिया रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों एवं टेंपो में सवार महिला यात्रियों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। यात्रियों के अनुसार चालक वाहन चलाने के दौरान मोबाइल फोन पर रील देख रहा था। इसी दौरान उसका ध्यान सड़क से हट गया और टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के समय वहां ड्यूटी पर तैनात पुलिस लाइन के टीसी जवानों ने तत्परता दिखाते हुए मानवता की मिसाल पेश की। जवानों ने बिना देर किए घायलों को टेंपो से बाहर निकाला और तत्काल टोटो के माध्यम से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। परिजन जवानों की सराहना करते हुए उन्हें “देवदूत” बता रहे थे ।
ड्यूटी में मौजूद जवानों में अग्निवेश ओझा, अमन कुमार एवं केशव राज शामिल थे।

घायलों की पहचान विपिन कुमार, पिता फूलो मंडल, निवासी लालगंज थाना रुपौली जिला पूर्णिया तथा राहुल कुमार, पिता जलौ साह, निवासी ढोलबज्जा थाना ढोलबज्जा जिला भागलपुर के रूप में हुई है। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
वहीं अन्य घायल रेणु देवी, पति जलौ साह एवं करीना कुमारी, पिता जलौ साह का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है।
घायल महिला यात्री ने बताया कि वह अपने ससुराल ढोलबज्जा से मायके जा रही थी। इसी दौरान नवगछिया जीरो माइल के समीप यह सड़क दुर्घटना हो गई।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में चालक की लापरवाही को लेकर आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल लगातार हादसों की वजह बन रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से लापरवाह वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
















