


तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से हादसा, पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल
नवगछिया : परवत्ता थाना क्षेत्र के महदत्तपुर 14 नंबर रोड के पास सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतका की पहचान जमुनिया गांव निवासी कैलाश यादव की पत्नी राधा देवी (70) के रूप में हुई है। वहीं घायल बाइक सवारों की पहचान जमुनिया निवासी ब्रजेश पंडित और उनके पुत्र सोनू कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार राधा देवी सोमवार को सड़क पार कर अपने घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बाइक चला रहे ब्रजेश पंडित और पीछे बैठे उनके पुत्र सोनू कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल नवगछिया पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने वृद्ध महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए इलाज शुरू किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं घायल पिता-पुत्र की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर यातायात थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसे के बाद मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
















