


क्षतिग्रस्त हिस्से और निर्माणाधीन बेली पुल का किया निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
नवगछिया : विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से और निर्माणाधीन बेली पुल को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। सोमवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, नवगछिया एसपी राजेश कुमार तथा एसडीओ रोहित कर्दम ने स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से का बारीकी से आकलन किया और निर्माणाधीन बेली पुल के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और समयबद्ध तरीके से निर्माण कार्य पूरा करने को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने विशेष रूप से यातायात व्यवस्था और आम लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुल से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्माण कार्य को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि भागलपुर और नवगछिया के बीच आवागमन जल्द सामान्य हो सके।

निरीक्षण के दौरान तकनीकी टीमों से भी जानकारी ली गई और निर्माण कार्य में उपयोग किए जा रहे संसाधनों तथा सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई।
प्रशासन की सक्रियता को देखते हुए स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि विक्रमशिला सेतु पर उत्पन्न संकट का जल्द समाधान होगा और लोगों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सकेगी।
















