


मधेपुरा : ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के ग्वालपाड़ा वार्ड संख्या-6 में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को स्मैक, तीन एंड्रॉयड मोबाइल और नकदी के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू कुमार, पिता बालकिशोर यादव, निवासी ग्वालपाड़ा वार्ड-6 के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि रविवार 24 मई को सहायक अवर निरीक्षक तमजीद अहमद खां पुलिस बल के साथ दिवा गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान ग्वालपाड़ा बाजार पहुंचने पर सूचना मिली कि वार्ड छह स्थित बांस बिट्टी में एक युवक अवैध रूप से स्मैक बेच रहा है।

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही एक युवक वहां से भागने लगा, लेकिन गश्ती दल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम छोटू कुमार बताया।
तलाशी के दौरान युवक के जींस की जेब से शक्तिमान बीड़ी का एक डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे की जांच करने पर उसमें सिल्वर पेपर में लिपटी 11 पुड़िया स्मैक मिली। बरामद स्मैक का कुल वजन 1.69 ग्राम पाया गया। इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के पास से तीन एंड्रॉयड मोबाइल और 4250 रुपये नकद भी जब्त किए।

एएसआई तमजीद अहमद खां ने बताया कि गिरफ्तार युवक को जब्त सामान के साथ थाना लाया गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में रिजर्व गार्ड राजेश कुमार शर्मा और रूपम कुमारी भी शामिल थे।













