4
(2)

नवगछिया : परबत्ता थाना क्षेत्र में लीची बगीचे में जबरन घुसकर लीची तोड़ने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने नवगछिया पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में 112 पुलिस टीम के कर्मियों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

पीड़ित विनीत कुमार साहू, पिता बाल किशोर साहू, निवासी साहु परबत्ता, थाना परबत्ता, जिला भागलपुर ने दिए आवेदन में बताया कि उनका लीची बगीचा कोरन बहियार, खाता संख्या 344, खेसरा संख्या 22, रकबा 3 एकड़ 8 डिसमिल, मौजा जगतपुर में स्थित है।

उन्होंने आरोप लगाया कि 29 मई 2026 को जब वह अपने बगीचे पहुंचे तो देखा कि पांच-छह लोग बगीचे में घुसकर लीची तोड़ रहे थे। आरोपितों में चूडल यादव, इंजन यादव, विटू यादव, बरुण यादव एवं उमेश यादव शामिल हैं। सभी जगतपुर और आसपास के निवासी बताए गए हैं।

आवेदन के अनुसार जब उन्होंने लीची तोड़ने से मना किया तो आरोपित गाली-गलौज करने लगे। इसी दौरान मौके पर मौजूद 112 पुलिस सहायता वाहन के चालक एवं वर्दीधारी पुलिसकर्मी पर भी लीची तोड़ने का आरोप लगाया गया है।

पीड़ित का कहना है कि विरोध करने पर पुलिसकर्मी ने कथित रूप से आरोपितों को मारपीट के लिए उकसाया, जिसके बाद सभी ने लाठी-डंडे से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर बगीचे से तोड़ी गई लीची लेकर चले गए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।

मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 4 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: