


नवगछिया : परबत्ता थाना क्षेत्र की एक युवती ने उसके नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने का आरोप लगाते हुए साइबर थाना नवगछिया में शिकायत दर्ज करायी है। पीड़िता ने मामले में दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता ने साइबर थाना को दिए आवेदन में बताया है कि पिछले करीब पांच माह से उसके नाम का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर गलत और भ्रामक पोस्ट किए जा रहे हैं। आरोप है कि उक्त आईडी से गंदे गानों के साथ तस्वीरें और अन्य आपत्तिजनक सामग्री अपलोड कर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

युवती ने शंकरपुर निवासी चुन्ना कुमार, सिद्धार्थ कुमार, अभिषेक कुमार और नीतिश कुमार पर फर्जी आईडी बनाकर उसका संचालन करने का आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार जब इस संबंध में आरोपितों के परिवार वालों से शिकायत की गई तो कुछ पोस्ट और फोटो हटा दिए गए थे, लेकिन बाद में फिर से उसी तरह की गतिविधियां शुरू कर दी गईं।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि 18 मई को दोबारा शिकायत करने जाने पर आरोपितों ने गाली-गलौज की। इस पूरे घटनाक्रम से पीड़िता और उसके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है तथा परिवार मानसिक तनाव से गुजर रहा है।

मामले की शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी दर्ज कराई गई है, जिसकी शिकायत संख्या 20505260034619 बताई गई है। पीड़िता ने साइबर थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
इधर, साइबर थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।















