


पूर्णिया की सुख-समृद्धि और शांति के लिए लिया आशीर्वाद
पूर्णिया । द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव एवं संस्था के 45वें स्थापना दिवस के अवसर पर बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर पूर्णिया नगर निगम की महापौर विभा कुमारी एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने समारोह में शामिल होकर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा पूर्णिया वासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
बेंगलुरु आश्रम में आयोजित समारोह में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। पूरा आश्रम आध्यात्मिक ऊर्जा, भक्ति और सकारात्मक वातावरण से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के दौरान भजन, ध्यान, योग और सत्संग का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

महापौर विभा कुमारी ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर का जीवन मानव सेवा, प्रेम, शांति और सद्भाव का प्रतीक है। उनके विचार समाज को जोड़ने और लोगों को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सानिध्य में पहुंचकर मन को अद्भुत शांति और नई ऊर्जा मिलती है। वर्तमान समय में समाज को प्रेम, भाईचारे और मानवता के संदेश की सबसे अधिक आवश्यकता है और गुरुदेव पूरी दुनिया में यही संदेश पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि द आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन लोगों को तनावमुक्त और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा दे रही है। संस्था समाज में सेवा, संस्कार और आध्यात्मिक जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। महापौर ने गुरुदेव के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि उनका आशीर्वाद सदैव पूर्णिया वासियों पर बना रहे।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र यादव ने कहा कि गुरुदेव श्री श्री रविशंकर केवल आध्यात्मिक गुरु ही नहीं, बल्कि मानवता के सच्चे मार्गदर्शक हैं। उनके विचार समाज में प्रेम, सद्भाव और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से लाखों लोग मानसिक शांति और आत्मिक सुख प्राप्त कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गुरुदेव के सानिध्य में पहुंचना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उनके आशीर्वाद से जीवन में नई ऊर्जा, सेवा भावना और सकारात्मक सोच का संचार होता है।

उल्लेखनीय है कि महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव पूर्व में भी कई बार बेंगलुरु स्थित आश्रम पहुंचकर गुरुदेव का आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। दोनों नेता आर्ट ऑफ लिविंग के विभिन्न आध्यात्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेते रहे हैं। वहीं पूर्णिया में आयोजित गुरुदेव श्री श्री रविशंकर के दो दिवसीय कार्यक्रम में भी दोनों की महत्वपूर्ण सहभागिता रही थी।
















