


तेज तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त, प्रशासन ने शुरू की राहत प्रक्रिया
भागलपुर जिले में सोमवार देर रात आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचा दी। खराब मौसम के कारण जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में हुई घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई। आंधी और बारिश से कई इलाकों में पेड़ एवं बिजली के खंभे गिर गए, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने पांच लोगों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले सभी मृतकों के आश्रितों को सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजा राशि 24 घंटे के भीतर उपलब्ध करा दी जाएगी। प्रशासन द्वारा आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
आंधी-तूफान के कारण जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, वहीं सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन में भी लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर घंटों तक यातायात प्रभावित रहा।
जिला प्रशासन की टीम लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रही है। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से चलाया जा रहा है तथा क्षति का आकलन भी किया जा रहा है, ताकि प्रभावित लोगों को जल्द से जल्द सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलें। साथ ही खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।














