


किसान पंजीकरण में पूर्णिया जिला बिहार में प्रथम स्थान पर
पूर्णिया । प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को महानंदा सभागार, पूर्णिया में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित वरीय एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान 19 मई 2026 को आयोजित सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन, किसान पंजीकरण कार्य, जनगणना-2027 तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि अधिकांश कार्यों की प्रगति संतोषजनक पाई गई।
फार्मर रजिस्ट्री की समीक्षा के क्रम में जानकारी दी गई कि 12 मई से 30 जून 2026 तक चल रहे किसान पंजीकरण अभियान में पूर्णिया जिला ने बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर प्रभारी जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की सराहना की।
बैठक में सभी अंचल अधिकारियों एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसान पंजीकरण का कार्य निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर पंजीकरण कार्यों की नियमित निगरानी एवं निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया गया।

प्रभारी जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले संबंधित कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अलावा जनगणना-2027 के कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने तथा पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर समाहर्ता रवि राकेश, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी सुजय सिंह, विभागीय जांच पदाधिकारी विनय कुमार, विधि व्यवस्था पदाधिकारी राजकुमार गुप्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रवि शंकर उरांव, अनुमंडल पदाधिकारी श्वेतम दीक्षित, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित कई अधिकारी उपस्थित थे। वहीं प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।














