5
(2)

संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

पूर्णिया। बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग एवं सतर्क है। इसको लेकर प्रभारी जिला पदाधिकारी अंजनी कुमार एवं पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत की संयुक्त अध्यक्षता में महानंदा सभागार में विधि-व्यवस्था समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले के संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थलों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, सांप्रदायिक तनाव या विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की प्राथमिकता जिले में शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास का वातावरण बनाए रखना है।

पुलिस अधीक्षक स्वीटी सहरावत ने कहा कि जिले के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस बल की तैनाती की गई है। सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और पुलिस बल को लगातार सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।

बैठक में सभी बीडीओ, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण कर विधि-व्यवस्था पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया। वहीं वरीय प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पल-पल की स्थिति से जिला मुख्यालय को अवगत कराते रहेंगे।

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि बकरीद का पर्व प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या भ्रामक सूचना की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने की अपील की गई है।

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिले में विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्यरत रहेगा। नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06454-243000, 242310 एवं 241555 जारी किए गए हैं।

पर्व के दौरान संपूर्ण विधि-व्यवस्था के प्रभार में अपर समाहर्ता रवि राकेश तथा अपर पुलिस अधीक्षक आलोक रंजन को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला नियंत्रण कक्ष एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था की जिम्मेदारी वरीय उप समाहर्ता इंद्रजीत कुमार को दी गई है।

प्रशासन ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दंगा नियंत्रण बल, वज्र वाहन, अग्निशमन दस्ता और अन्य आवश्यक संसाधनों को पूरी तरह तैयार रखा गया है। अग्निशमन विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी के लिए जिला साइबर सेल को 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर झूठी, भ्रामक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में जिला स्तरीय अधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे, जबकि थाना, प्रखंड एवं अनुमंडल स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 2

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: