


प्रेम विवाह के बाद युवक की जमकर पिटाई, कोर्ट परिसर में मची अफरा-तफरी
भागलपुर के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित कोर्ट परिसर बुधवार को उस समय हंगामे का केंद्र बन गया, जब प्रेम विवाह के बाद कोर्ट मैरिज कराने पहुंचे एक युवक पर लड़की पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। दर्जनों लोगों ने युवक को घेरकर उसके साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान युवक की शर्ट तक फाड़ दी गई, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद अधिवक्ताओं और स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को भीड़ से बचाया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद गुस्साए परिजन युवक पर हमला करने का प्रयास करते रहे। बाद में पुलिस युवक को हिरासत में लेकर युवती की तलाश में जुट गई। हालांकि समाचार लिखे जाने तक युवती का कोई पता नहीं चल सका था।
जानकारी के अनुसार बगछप्पर निवासी नितेश सिंह का शाहकुंड थाना क्षेत्र के कोरण्डा गांव निवासी 20 वर्षीय मुस्कान के साथ प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ मंगलवार को आपसी सहमति से शादी कर ली थी। बुधवार को दोनों कोर्ट मैरिज कराने भागलपुर कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान लड़की पक्ष के लोगों को इसकी जानकारी मिल गई और उन्होंने कोर्ट परिसर में पहुंचकर युवक को पकड़ लिया। इसके बाद युवक के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
घटना के दौरान कोर्ट परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। वहां मौजूद लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और युवक को सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं युवती की बुआ नीलू देवी ने युवक नितेश सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने युवक को आपराधिक प्रवृत्ति का बताते हुए कहा कि उसके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से युवती मुस्कान को सुरक्षित बरामद कर परिवार को सौंपने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा युवती की तलाश जारी है।















