


मंदिर के टूटे मिले ताले, ग्रामीणों में आक्रोश; पुलिस जांच में जुटी
भागलपुर संवाददाता। भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया गांव स्थित एक शिव मंदिर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने चोरी की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गुरुवार सुबह जब लोग पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मंदिर का मुख्य दरवाजा तथा अंदर लगे कई ताले और कुंडियां टूटी हुई मिलीं। यह देखकर लोगों के होश उड़ गए। जब ग्रामीण मंदिर के अंदर पहुंचे तो वहां से चांदी का नाग, बजरंगबली की गदा, मुकुट, कंगन समेत कई कीमती जेवरात गायब मिले। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत करीब आठ लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही बाईपास थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मंदिर परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि नशे के आदी असामाजिक तत्वों द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया है। लोगों का कहना है कि इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आमजन भयभीत हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से रात में गश्ती बढ़ाने तथा रात 10 बजे के बाद “रोको-टोको अभियान” चलाकर संदिग्ध लोगों की जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण लगाया जा सकता है।
इस संबंध में बाईपास थाना अध्यक्ष सुमन कुमार राय ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मौके पर किशोर कुमार पांडेय, लाल्टू पांडेय, कुमार कृष्णानंद, नवरत्न पांडेय, सुदामा पांडेय, नीरज पांडेय, मनीष पांडेय तथा दशरथ पांडेय सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।
















