


72 घंटे से बिजली गुल, पेयजल संकट से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन
भागलपुर । भागलपुर के नाथनगर प्रखंड अंतर्गत रामपुर खुर्द पंचायत में लगातार 72 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज बिजली उपभोक्ताओं ने रेलवे अंडरपास के समीप करीब एक घंटे तक सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से इलाके में बिजली नहीं रहने के कारण पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को जनरेटर के सहारे पानी की टंकी भरवानी पड़ रही है, जिस पर 500 से 1000 रुपये तक खर्च करना पड़ रहा है। लगातार बिजली बाधित रहने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे अंडरपास के पास बिजली का पोल और कई पेड़ गिरकर सड़क पर पड़े हुए हैं, जिससे आवागमन में भी भारी परेशानी हो रही है। लोगों का आरोप है कि कई बार बिजली विभाग के एसडीओ और जेई को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा।
बिजली विभाग की कार्यशैली से नाराज लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
जाम की सूचना मिलने के बाद मधुसूदनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बात कर जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था बहाल नहीं की गई तो वे फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
















