5
(1)

मस्जिदों और ईदगाहों में उमड़ी नमाजियों की भीड़, अमन-चैन की मांगी दुआ

भागलपुर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व धार्मिक आस्था, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया गया। सुबह से ही शहर के विभिन्न इलाकों में उत्सवी माहौल देखने को मिला। शहर की प्रमुख मस्जिदों और ईदगाहों में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने पहुंचकर बकरीद की विशेष नमाज अदा की।

कर्णगढ़, बरहपुरा, भीखनपुर, शाह मार्केट समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी।

सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। नए कपड़ों में बच्चे, बुजुर्ग और युवा नमाज अदा करने पहुंचे, जिससे पूरे शहर में पर्व की रौनक देखने को मिली। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

बकरीद को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल, दंडाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस की लगातार गश्त जारी रही और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।

जिला प्रशासन की ओर से लोगों से शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की गई थी, जिसका सकारात्मक असर पूरे शहर में देखने को मिला। प्रशासन और आम लोगों के सहयोग से भागलपुर में बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

बकरीद के अवसर पर धार्मिक उत्साह के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे की भावना भी स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिसने एक बार फिर भागलपुर की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश की।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: