


100 राउंड जिंदा कारतूस और दो देसी कट्टा बरामद, बड़े अपराध की साजिश नाकाम
भागलपुर। कोतवाली थाना पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो देसी कट्टा और 100 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि बरामद हथियारों और कारतूसों की खेप किसी आपराधिक गिरोह तक पहुंचाई जानी थी।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग अवैध हथियारों के साथ शहर में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने लोहिया पुल के नीचे स्थित कलाली गली के समीप छापेमारी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीरपैंती थाना क्षेत्र के टोपरा टोला निवासी अमित तिवारी तथा हबीबपुर थाना क्षेत्र निवासी सुबोध मंडल के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से दो अवैध देसी कट्टा और 100 राउंड जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हथियार और कारतूस मुंगेर से लेकर आए थे। जांच एजेंसियों को आशंका है कि इन हथियारों की आपूर्ति भागलपुर या आसपास के किसी आपराधिक गिरोह को की जानी थी। समय रहते हुई इस कार्रवाई से किसी बड़ी आपराधिक वारदात या संभावित गैंगवार की साजिश विफल हो गई।
कोतवाली थाना पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियारों की खेप किसके लिए मंगाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में भी छापेमारी कर रही है।
सिटी डीएसपी-2 अजय चौधरी ने बताया कि अवैध हथियारों और कारतूसों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा पूरे नेटवर्क का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















