


चार मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
छोटी परबत्ता गांव की घटना, मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था युवक
नवगछिया के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के छोटी परबत्ता गांव में पारिवारिक विवाद के बाद एक युवक द्वारा जान दिए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक की पहचान छोटी परबत्ता निवासी पिंकू पासवान (28 वर्ष) के रूप में हुई है। वह त्रिवेणी पासवान का पुत्र था और ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों के अनुसार किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद पिंकू पासवान ने घर के अंदर पंखे से जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर इस्माइलपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
मृतक की पत्नी सीमा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। पिंकू अपने पीछे पत्नी समेत चार छोटे बच्चों को छोड़ गया है। इनमें 10 वर्षीय अंशु राज, 5 वर्षीय अमन, 3 वर्षीय लाडो और 2 वर्षीय छोटी शामिल हैं। पिता की असमय मौत के बाद बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार गहरे सदमे में है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिंकू मेहनत-मजदूरी कर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।
इस्माइलपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














