0
(0)

भागलपुर। गंगा नदी में तेज आंधी और बारिश के बीच फंसी एक महिला और उसकी मासूम बच्ची को एसडीआरएफ (SDRF) की टीम ने सुरक्षित बाहर निकालकर मानवता और तत्परता का परिचय दिया। इस पूरे रेस्क्यू अभियान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार महिला अपनी बीमार बच्ची का इलाज कराने नवगछिया से नाव के माध्यम से भागलपुर आ रही थी। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ले ली और गंगा नदी के बीच तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। खराब मौसम के कारण नाव बीच धारा में फंस गई, जिससे नाव पर सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तत्काल सक्रिय हुई और विशेष रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने जोखिम भरे हालात के बीच मौके पर पहुंचकर महिला और उसकी बच्ची समेत अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। मां-बेटी को एसडीआरएफ की मोटरबोट पर बैठाकर सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया गया।

वायरल वीडियो में महिला अपनी बच्ची को गोद में लिए एसडीआरएफ की बोट पर बैठी दिखाई दे रही है। सुरक्षा के मद्देनजर दोनों को लाइफ जैकेट भी पहनाई गई थी। वीडियो में एसडीआरएफ कर्मियों की मुस्तैदी और सूझबूझ साफ दिखाई दे रही है।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग एसडीआरएफ की टीम की प्रशंसा कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर राहत एवं बचाव दल नहीं पहुंचता तो बड़ा हादसा हो सकता था। लोगों ने कठिन परिस्थितियों में सफल रेस्क्यू अभियान चलाने के लिए एसडीआरएफ जवानों की सराहना की है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से गंगा नदी में जलस्तर और धार तेज होने के साथ-साथ मौसम भी लगातार बदल रहा है। ऐसे में प्रशासन द्वारा नदी मार्ग से यात्रा करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 0 / 5. Vote count: 0

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: