5
(1)

तंबाकू मुक्त समाज का लिया संकल्प

पूर्णिया : विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) पूर्णिया, रोटरी क्लब पूर्णिया एवं पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को एक विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य लोगों को तंबाकू एवं धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश देना था।

रैली का शुभारंभ आईएमए भवन से हुआ, जो शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों से गुजरते हुए जीएमसीएच पूर्णिया परिसर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान प्रतिभागियों ने तंबाकू निषेध संबंधी संदेशों एवं नारों से युक्त तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया।

रैली का नेतृत्व आईएमए पूर्णिया के अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार, सचिव डॉ. प्रिंस पंकज एवं वित्त सचिव डॉ. तारकेश्वर कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से इस घातक लत से दूर रहने की अपील की।

वित्त सचिव डॉ. तारकेश्वर कुमार ने कहा कि तंबाकू न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी गंभीर आर्थिक एवं सामाजिक प्रभाव छोड़ता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू से पूरी तरह दूरी बनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राकेश शर्मा, डॉ. अंगद चौधरी एवं डॉ. सुधांशु ने भी तंबाकू सेवन से होने वाले खतरों पर प्रकाश डालते हुए जनजागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।

रैली को सफल बनाने में रोटरी क्लब पूर्णिया और पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही। रोटरी क्लब के अध्यक्ष अनिल लोहिया सहित कई सदस्यों ने भाग लेकर नशामुक्त समाज निर्माण का संकल्प लिया। वहीं पूर्णिया साइकिलिंग एसोसिएशन के सचिव विजय शंकर के नेतृत्व में साइकिल चालकों ने स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

जागरूकता अभियान में युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रही। बड़ी संख्या में युवाओं ने रैली में शामिल होकर तंबाकू मुक्त पूर्णिया के निर्माण का संकल्प दोहराया।

जीएमसीएच पूर्णिया परिसर पहुंचने के बाद रैली एक जनसभा में परिवर्तित हो गई, जहां उपस्थित सभी लोगों को जीवनभर तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों का सेवन नहीं करने की शपथ दिलाई गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए तंबाकू मुक्त जीवनशैली को अपनाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

कार्यक्रम में चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Aapko Yah News Kaise Laga.

Click on a star to rate it!

Average rating 5 / 5. Vote count: 1

No votes so far! Be the first to rate this post.

Share: