


पूर्णिया : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा है कि राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बिहार में कानून का राज स्थापित करते हुए अपराध एवं भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि सुशासन, पारदर्शिता और विकास के संकल्प के साथ सरकार लगातार जनहित में कार्य कर रही है।
शनिवार को गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसायी भवन में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला प्रशिक्षण महाअभियान को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. जायसवाल ने कहा कि बिहार सरकार पांच प्रमुख लक्ष्यों पर विशेष रूप से कार्य कर रही है। इनमें अपराध मुक्त बिहार, भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन, युवाओं को रोजगार, महिलाओं का सशक्तिकरण तथा किसानों का कल्याण प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। साथ ही महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
मंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी होते हैं तथा विकसित बिहार के निर्माण में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी इन्हीं विचारों को आधार बनाकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
प्रशिक्षण महाअभियान में जिले भर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं विभिन्न मोर्चों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति एवं जनसंपर्क से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में सभी मोर्चों के जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी रही। उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
















