


भाजपा प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में हुए शामिल
कार्यकर्ताओं को दिया संगठन सशक्तिकरण और जनसेवा का मंत्र
भागलपुर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने चंपानगर स्थित पूरनमल बाजोरिया सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम स्थल पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया। समारोह में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संगठन की मजबूती, जनसेवा और विकास को भाजपा की मूल पहचान बताते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति हैं और जनता तथा सरकार के बीच मजबूत कड़ी का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और जनहित के मुद्दों पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने का आग्रह किया।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान संगठनात्मक विषयों, भाजपा की विचारधारा, सेवा कार्यों, बूथ सशक्तिकरण एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एजेंसियां सतर्क रहीं और आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष कुमार शाह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है तथा प्रशिक्षण शिविर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















